घर का ताला तोड़कर नकदी व लाखों के गहने चोरी
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव तुमरैल में चोरों ने दिनदहाड़े एक मकान के चार ताले तोड़कर 12 हजार की नकदी व लाखों के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान मकान मालिक नौकरी पर गया था, जबकि पत्नी घर के पास ही चक्की चला रही थी। एक महीने पहले भी पुजारी के कमरे का ताला तोड़कर हजारों रुपये की चोरी हुई थी।
तुमरैल निवासी दिनेश शर्मा अपने परिवार सहित गांव में रहता है। घर के पास ही उसने अपनी चक्की लगाई हुई है, दिनेश नौकरी करता है। जबकि उसकी पत्नी चक्की चलाकर परिवार का पालन पोषण करती है। शुक्रवार दोपहर में दंपति घर में ताला लगाकर अपने अपने कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। सेफ में रखे आभूषण और नकदी तक पहुंचने के लिए चोरों ने चार ताले तोड़े। लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। दिनेश शर्मा ने बताया कि चोर 12 हजार की नकदी, सोने की अंगूठी, चेन और पाजेब लेकर भाग गए। ताला टूटा देखकर महिला ने शोर मचाया, लेकिन तक तब चोर जा चुके थे।
गांव निवासी संदीप शर्मा ने बताया कि करीब एक महीने पहले गांव में स्थित मंदिर के पुजारी के कमरे का ताला तोड़कर भी चोरों ने हजारों रुपये की चोरी की थी। दिन दहाड़े इस तरह की घटना से लोगों में रोष व्याप्त है। पीड़ित दिनेश शर्मा ने इस मामले में तहरीर दी है।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।