युवक की आत्महत्या के मामले में तीन पर मुकदमा
हापुड़। रुपयों को लेन-देन के मामले में कुछ लोगों की प्रताड़ना से परेशान जिला मुरादाबाद क्षेत्र निवासी युवक ने थाना बाबूगढ़ क्षेत्र अंतर्गत रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की मां ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिला मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र के गांव ढकिया पीरू निवासी नसीम जहां ने बताया कि उसके पुत्र मोहम्मद मुकीम का गांव निवासी कमर आलम, थाना छजलैट क्षेत्र के गांव सराय खजूर निवासी मयूर खान और निशा हयात का आपस में रुपयों का लेन-देन था। पिछले दो माह से ये लोग उसके पुत्र पर रुपये देने का दबाव बना रहे थे। इसके लिए उसके पुत्र का शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। तीन अप्रैल को इन लोगों ने रुपये न देने पर पुत्र को हत्या की धमकी दी थी।
आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान उसका पुत्र बिना बताए घर से निकल गया था और चार अप्रैल को थाना बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। चार अप्रैल को भी इन लोगों ने उसके पुत्र को फोन किया था। इसकी जानकारी पुत्र का मोबाइल फोन मिलने पर हुई है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।