270 यात्री बिना टिकट पकड़े, 1.62 लाख का वसूला जुर्माना
हापुड़। कोरोना संक्रमण के बाद अब ट्रेनों की रफ्तार तेज हुई है। ट्रेनों में यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। लेकिन अधिकारियों की हीलाहवाली के कारण कुछ यात्री बेटिकट यात्रा कर रहे थे। इनके खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। इस दौरान 270 यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा गया। जिनसे एक लाख 62 हजार 950 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक हरिराज मीना ने बताया कि मंडल के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बृहस्पतिवार को टीम गठित की गई थी। जिसके बाद यह अभियान चलाया गया। टीटीई के अलावा आरपीएफ भी इस अभियान में मौजूद रही। हापुड़ जंक्शन पर ठहरने वाली सभी ट्रेनों में चेकिंग की गई। इस दौरान करीब 270 यात्री ऐसे मिले, जो बिना टिकट लिए ही रेल में सफर कर रहे थे। सभी को आरपीएफ थाने लाया गया। जिसके बाद उनसे जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि इस दौरान सभी यात्रियों से एक लाख 62 हजार 950 रुपये वसूले गए। उन्हें चेतावनी दी गई कि दोबारा से पकड़े जाते हैं तो विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभियान के दौरान यात्रियों ने बच निकलने का काफी प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। संवाद