गंगा एक्सप्रेसवे के लिए गोहरा गांव से हुआ शुभारंभ
गढ़मुक्तेश्वर। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जनपद में भूमि अधिग्रहण का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं एक्सप्रेसवे की भूमि में आ रही विद्युत लाइन की शिफ्टिंग का कार्य भी एक माह पहले आरंभ किया जा चुका है। जनपद हापुड़ क्षेत्र में गोहरा गांव से अधिग्रहीत भूमि का सीमांकन कर उसे समतल करने का कार्य भी यूपीडा ने शुरू करा दिया है।
जनपद मेरठ के गांव बिजौली से प्रयागराज तक करीब 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण शासन की प्राथमिकता में शामिल है। जिसे लेकर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने भी कार्य तेज कर दिया है। मंगलवार की देर शाम मेरठ के बिजौली गांव समेत जनपद हापुड़ के गांव गोहरा में भी यूपीडा द्वारा अधिग्रहीत भूमि को जेसीबी की मदद से समतल करने का काम आरंभ हुआ।
वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते का होगा निर्माण
गंगा एक्सप्रेस वे निर्माण कार्य के लिए हापुड़ और गढ़ क्षेत्र में चयनित की गई भूमि का सीमांकन हो चुका है। जनपद मेरठ से होते हुए एक्सप्रेसवे हापुड़ के गांव गोहरा में पहुंचेगा। जिसके निर्माण के लिए वाहनों का आवागमन सुचारु बनाने को लेकर यूपीडा द्वारा भूमि को समतल करने और रास्ते बनाने का काम किया जा रहा है। ताकि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की रुकावट न आ सके। डीएम मेधा रूपम ने ट्वीट कर गंगा एक्सप्रेस-वे निर्माण की जानकारी दी है।
इन गांवों से होकर निकलेगा एक्सप्रेसवे
गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव दत्तियाना, पीरनगर, हिम्मतपुर, राजपुर, फरीदपुर, सिखैड़ा, मुरादपुर, बंगौली, आलापुर, किरयावली, सींगनपुर, बहादुरगढ़, आलमनगर, बरारी, भैना सदरपुर, चुचावाली मढैया, जखैड़ा रहमतपुर, चांदनेर, बहापुर ठेरा, भदस्याना और रजापुर।