फौजी के बंद मकान से नकदी और आभूषण चोरी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चंद्रलोक कालोनी में बंद पड़े फौजी के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 40 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
चंद्रलोक कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार सेना का जवान है। वर्तमान में उसकी तैनाती मिजोरम में चल रही है। कुछ दिन पहले वह ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आया था। मंगलवार को वह पत्नी अंजू देवी और पुत्र ऋतिक के साथ जनपद बुलंदशहर के थाना बीबी नगर क्षेत्र के गांव भमैड़ा स्थित अपनी ससुराल गया था। परिवार की गैर मौजूदगी में घर के मुख्य द्वार पर लगे ताले को तोड़कर चोर अंदर दाखिल हो गए।
चोर घर से 40 हजार रुपये, लाखों रुपये की कीमत के आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह फौजी परिवार के साथ घर पहुंचा। इसके बाद उसे चोरी की जानकारी हुई। उसने फोन काल पर पुलिस को चोरी की सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।