जिंदगी से खिलवाड़ - हाईवे पर 140 की रफ्तार से फर्राटा भर रही कार
हापुड़। वाहन चालकों की सहूलियत के लिए बने हाईवे पर लोग 140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से कारों को दौड़ा रहे हैं। हापुड़ से गुजर रहे एनएच 09 और एनएच 334 पर इंटरसेप्टर वाहन से मात्र 24 दिनों में 1529 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं और करीब 30 लाख का जुर्माना लगाया गया है। दोनों हाईवे पर सौ में से दस वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक दौड़ रहे हैं। बड़ी बात है कि नियम तोड़ने वालों में सभी कारें हैं।
इंटरसेप्टर एक ऐसा वाहन है जो हाईवे किनारे खड़ा रहकर निर्धारित गति से ऊपर दौड़ रहे वाहनों के चालान करता है। पूरे जोन में यह केवल एक ही वाहन उपलब्ध है और हापुड़ में यह एक माह में केवल दो ही दिन तैनात रहता है। इस वाहन ने हापुड़ में पिछले वित्तीय वर्ष में 24 दिन कार्रवाई की, जिसके आंकड़े चौंकाने वाले हैं। एनएच 09 और एनएच-334 पर वाहनों की गति अधिकतम 80 और 100 किलोमीटर प्रतिघंटा है। लेकिन दोनों हाईवे पर 100 से लेकर 140 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से कारें दौड़ी हैं। 24 दिन में किए गए 1529 चालानों पर प्रति कार दो हजार के हिसाब से 30 लाख से अधिक का जुर्माना लगाया गया था। जिसमें से 8.72 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है, जबकि बाकी करीब 21.48 लाख रुपये अभी वसूलना बाकी है।
तेज रफ्तार वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए आने वाले दिनों में कार्रवाई तेज की जाएगी। हाईवों पर लगे कैमरों से भी डाटा निकलवाकर ओवर स्पीड वाहनों के चालान काटे जाएंगे।-महेश शर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन।
नेशनल हाईवों पर लगे कैमरों से नहीं हो रहे चालान
हाईवे निर्माण के बाद से ही एनएच 09 और एनएच 334 को सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए थे। लेकिन इनके माध्यम से अभी तक जिले में एक भी चालान नहीं हुआ है। एनएचएआई अधिकारियों का तर्क है कि उनके द्वारा नियम तोड़ने वाले वाहनों की डिटेल परिवहन विभाग को भेज दी जाती है, आगे की कार्रवाई परिवहन विभाग के माध्यम से ही होती है। जबकि परिवहन विभाग ऐसा कोई डाटा मिलने से इनकार कर रहा है।
ओवर स्पीड बन रही दुघर्टनाओं का कारण-
हाईवे पर वाहनों की ओवर स्पीड दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। पिछले कुछ महीनों में कई ऐसी दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
हाल ही में तेज रफ्तार के कारण हुई दुर्घटनाएं -
दिनांक 23 मार्च- एचएच 09 पर ततारपर बाईपास के पास तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, शिक्षिका की मौत
दिनांक 27 मार्च - गढ़ में तेज रफ्तार कार और ट्रक की टक्कर में दो महिलाओं की मौत
दिनांक 28 मार्च - किठौर रोड पर तेज रफ्तार दो कारों की टक्कर में दो महिलाओं समेत तीन की मौत
दिनांक 02 अप्रैल- पिलखुवा में कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दिनांक 05 अप्रैल- एनएच 334 पर इम्टौरी के पास तेज रफ्तार डंपर-ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मारते हुए मकान में घुसा, चार गंभीर रूप से घायल
दिनांक 07 अप्रैल- एनएच 09 पर कुचेसर चौपले पर ट्रक और बस की भिड़ंत में दो की मौत
दिनांक 08 अप्रैल -एनएच 09 पर तेज रफ्तार बाइक और कार की टक्कर में अठसैनी के पास युवक की मौत