ग्राहक बनकर आया बदमाश, साढ़े तीन लाख की अंगूठियां ले भागा
हापुड़। रेलवे रोड गणपति प्लाजा स्थित सराफ की दुकान में ग्राहक बनकर आए बदमाश अंगूठी से भरा डिब्बा लेकर भाग गए। डिब्बे में करीब साढ़े तीन लाख रुपये की 9 अंगूठियां थीं। बाइक पर सवार होकर बदमाश आराम से फरार हो गए, जबकि घटना से महज 100 मीटर दूर ही पुलिस गश्त कर रही थी। शहर के सबसे व्यस्त बाजार में हुई वारदात से दुकानदारों में रोष व्याप्त है।
ज्ञानलोक निवासी राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल की रेलवे रोड पर एनआर ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दोपहर में राजेंद्र का पुत्र खाना खाने के लिए घर चला गया। इसी दौरान दो बदमाश काली पल्सर से आए। एक दूकान के बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान पर पहुंचा और अंगूठी दिखाने के लिए कहा। बुजुर्ग दुकानदार अंगूठी दिखाने लगे। उन्हें उलझाने के लिए बदमाश ने करीब छह डिब्बे बाहर निकलवा लिए। इसके बाद उसने सोने की जगह हीरे की अंगूठी दिखाने की बात कही। बुजुर्ग सराफ ने जैसे ही हीरे की अंगूठी का डिब्बा निकालने के लिए चेहरा घुमाया, बदमाश अंगूठी से भरा डिब्बा लेकर बाहर की ओर भागा। सड़क के दूसरे और बाइक स्टार्ट किए उसका दूसरा साथी खड़ा था, चंद ही सेकंड में ही करीब साढ़े तीन लाख रुपये की अंगूठी लेकर फरार हो गए।
घटनास्थल रेलवे रोड पुलिस चौकी से महज 300 मीटर दूर है। लैपर्ड पर दो पुलिसकर्मी भी घटना स्थल से महज 100 मीटर दूरी पर ही गश्त कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने दुकान पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
एक घंटे से कर रहे थे रेकी
बदमाशों को पता था कि दोपहर में बुजुर्ग सराफ का पुत्र खाना खाने के लिए घर जाता है। इसी मौके की ताक में बदमाश एक घंटे तक रेकी करते रहे। स्थानीय लोगों ने काली पल्सर बाइक सवार इन बदमाशों को घूमते हुए देखा था।
आठ मिनट में दिया घटना को अंजाम
घटना को अंजाम देने वाला बदमाश मास्क पहनकर दोपहर 2:28 पर दुकान के अंदर पहुंचा। आठ मिनट तक अंगूठी देखने के लिए करीब छह डिब्बे निकलवाए। 2:36 मिनट पर बदमाश अंगूठी का डिब्बा लेकर भाग गया।
रेलवे रोड पर हैं आठ बैंक, सुरक्षा में चूक
रेलवे रोड पर आठ बैंक समेत अनेकों शोरूम हैं। पुलिस यहां सुरक्षा में चूक कर रही है, जिससे दुकानदारों में रोष है। लोगों का आरोप है कि रेलवे रोड पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी गंभीरता से गश्त नहीं करते। इसी की वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस को बदमाश दे रहे खुली चुनौती
बीते एक महीने में सात से अधिक लूट और तीन से अधिक हत्या के मामले सामने आए हैं। आधा दर्जन से अधिक बदमाशों को मुठभेड़ में पुलिस ने गोली भी मारी है। फिर भी बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं।
ठगी का है मामला, जल्द पकड़े जाएंगे बदमाश
सराफ की दुकान से अंगूठी का डिब्बा ले जाने का मामला सामने आया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर, घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। मामला ठगी का है, सराफ को बातों में उलझाकर अंगूठी का डिब्बा छुपा लिया गया था। -दीपक भूकर, एसपी हापुड़
सोमवार को गणपति प्लाजा स्थित सराफा की दुकान पर लूट होने के बाद सीसीटीवी कैमरे में लुटेरे को देखते- फोटो : HAPUR
सोमवार को गणपति प्लाजा स्थित सराफा की दुकान पर आभूषण देखने पहुंचा लुटेरा सीसीटीवी कैमरे में हुआ ?- फोटो : HAPUR
सोमवार को गणपति प्लाजा स्थित सराफा की दुकान पर आभूषण देखने पहुंचा लुटेरा सीसीटीवी कैमरे में हुआ ?- फोटो : HAPUR