दहेज में बीस लाख न देने पर विवाहिता का हाथ तोड़ा
हापुड़। दहेज में 20 लाख रुपये और लग्जरी कार की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी विवाहिता की पिटाई कर दी जिसमें उसके हाथ की हड्डी टूट गई। हत्या की धमकी देकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
निधी ने बताया कि उसकी शादी जनपद गाजियाबाद के थाना गोविंदपुरम क्षेत्र निवासी देवांशु से हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 20 लाख रुपये और लग्जरी कार के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। 19 फरवरी को ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता की पिटाई कर दी।
इसमें विवाहिता के हाथ की हड्डी टूट गई। सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि एसपी के आदेश पर देवांशु, तेजवीर सिंह, सुषमा और दिव्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।