प्लॉट बेचने का झांसा देकर 29.85 लाख ठगे
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति को प्लाट बेचने का झांसा देकर एक दंपती ने 29.85 लाख रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर दंपती ने पीड़ित को हत्या की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव लुखराड़ा निवासी राजीव कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले गांव निवासी मुकेश और उसकी पत्नी शशी देवी ने एक प्लॉट बेचने के संबंध में उससे बातचीत की थी। दोनों के कहने पर वह प्लॉट खरीदने के लिए तैयार हो गया। दोनों पक्षों के बीच प्लॉट का सौदा 29.85 लाख रुपये में तय हो गया। पीड़ित ने 29.85 लाख रुपये दंपती के बैंक खाते में डाल दिए। रुपये लेकर दंपती ने प्लाट का बैनामा कराने से इनकार कर दिया।थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।