बैंक में नौकरी का झांसा देकर 86 हजार रुपये ठगे
हापुड़। नौकरी लगवाने का झांसा देकर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रीत विहार निवासी दीपिका से बुलंदशहर निवासी दो लोगों ने 86 हजार रुपये ठग लिए। रुपये मांगने पर आरोपियों ने पीड़िता को हत्या की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दीपिका ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी मुलाकात जनपद बुलंदशहर निवासी राहुल और थाना सिकंद्राबाद क्षेत्र के गांव जुनैदपुर निवासी प्रशांत से हुई थी। इसके बाद ये लोग परिचित होने की हैसियत से उससे बात करने लगे। आरोप है कि दोनों ने एक दिन उसे एक बैंक में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपियों ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर 86 हजार रुपयों की मांग की। झांसे में आकर उसने आरोपियों के बैंक खातों में धनराशि ट्रांसफर कर दी।
इसके बाद आरोपी उसे टरकाने लगे। नौकरी न लगने पर पीड़िता ने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने पीड़िता को हत्या की धमकी दी। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।