संचारी कक्ष में बिस्तरों पर मिले चूहे, गंदगी देख अपर मुख्य सचिव नाराज
हापुड़। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने गढ़ रोड सीएचसी के संचारी कक्षों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महीनों से बंद पड़े इन वार्डों में बिस्तर पर चूहे कूदते मिले, जगह-जगह गंदगी फै ली हुई थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जतायी, जच्चा बच्चा वार्ड, नवजात बच्चों की नर्सरी और सर्जरी कक्ष का भी निरीक्षण कर व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए।
बुधवार को अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करने आए थे। अस्पताल परिसर को कर्मचारियों ने चमका दिया, रंग बिरंगे गुब्बारे भी लगाए गए। लेकिन अधिकारियों को नहीं पता था कि अपर मुख्य सचिव वार्डों का भी निरीक्षण करेंगे। टीकाकरण केंद्र से निकलकर सबसे पहले वह जज्जा बच्चा वार्ड में पहुंचे।
वहां मरीजों का हाल जाना, इसके बाद इसी वार्ड से सटे संचारी कक्ष को खोलने के आदेश दिए। काफी देर तक चाबी नहीं मिली। जैसे ही कक्ष का ताला खोला गया, अंदर बेड पर चूहे कूदते नजर आए। बता दें कि यह वार्ड कोविड के दौरान बच्चों के भर्ती करने के लिए तैयार किया गया था, जिसमें वेंटिलेटर की भी सुविधा है।
महीनों से इसका ताला नहीं खुला था, इसी के सामने अन्य संचारी वार्ड का भी यही हाल था। अपर मुख्य सचिव ने कड़ी नाराजगी जताई और प्रतिदिन सफाई करने के आदेश दिए।
इस दौरान मीडिया कर्मियों ने अस्पताल में चल रही सर्जन, ईएनटी विशेषज्ञ, फिजिशियन, हड्डी रोग विशेषज्ञ के खाली पड़े पदों को लेकर सवाल कर दिया। इस पर अपर मुख्य सचिव चुप्पी साध गए और सीधे अधीक्षक कार्यालय में चले गए। इससे पहले उन्होंने धौलाना सीएचसी का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर सीएमओ डॉ रेखा शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ प्रवीण शर्मा, डीपीएम सतीश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ संजीव कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ दिनेश खत्री, अनुज त्यागी आदि मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते पर्यवेक्षक- फोटो : HAPUR
संचारी कक्ष में बदहाल पड़ा बैड- फोटो : HAPUR