नाले में मिले पशुओं के अवशेष, युवा हिंदू वाहिनी का हंगामा
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव सबली के जंगल में बृजनाथपुर मार्ग के पास एक गंदे नाले में पशुओं के अवशेष मिलने पर राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों को शांत कराया। पुलिस ने अवशेषों को नमूने लेने के बाद दफना दिया।
शनिवार शाम नाले के पास से गुजर रहे लोगों ने खून के निशान और मांस के टुकड़े मिले। आसपास के क्षेत्र की छानबीन की तो गंदे नाले में चार पशुओं के अवशेष दिखाई दिए। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के जिलाध्यक्ष रितिक त्यागी, जतिन त्यागी, प्रिंस गर्ग, बब्बल कसाना, कुशाल त्यागी, उमंग, अनमोल, हर्ष, प्रशांत चौधरी के साथ मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। बाद में पशु चिकित्सकों की टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और अवशेषों के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवा दिए। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।