मालिक को बेहोश कर नकदी जेवर लेकर नेपाली नौकर फरार
हापुड़। पिछले 12 साल से परिवार में परिवार के सदस्य की तरह रह रहे नेपाली नौकर ने विश्वास का गला घोंट दिया। आरोपी नौकर मालिक को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर का पूरा सामान समेटकर कार समेत फरार हो गया। आरोपी नौकर गली में लगे सीसीटीवी की फुटैज में कार ले कैद हो गया।
मूल रूप से गांव पटना मुरादपुर निवासी वैभव गर्ग ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के तारामील कालोनी में भी उसका मकान है। घर में नेपाल निवासी एक युवक पिछले 12 वर्षों से नौकरी कर रहा है। उसे परिवार के लोग एक सदस्य की तरह ही मानते थे। एक मार्च 2022 की पिता सुनील गर्ग घर पर अकेले थे। जबकि वह परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ गांव में आ गए थे। रात के समय नौकर ने पिता सुनील को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। पिता के बेहोश होने पर वह घर में रखी करीब चार लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, लेपटॉप और घर के बाहर खड़ी कार चोरी कर ले गया।
जब सुबह सभी लोग घर वापस आए तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ देखा। नौकर भी घर से गायब था। शुरूआत में परिवार के लोग नौकर के साथ कोई अनहोनी मान रहे थे। बाद में उन्हें पता चला कि उसने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया। दरअसल, कॉलोनी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटैज में वह कार को ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपी अकेला था या उसके साथ किसी और का भी हाथ था, इसकी भी जांच की जा रही है।