350 नवनियुक्त शिक्षकों के खातों में दो माह से नहीं पहुंचा वेतन
हापुड़। माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में आयोग से नियुक्त हुए 350 शिक्षकों को नियुक्ति के दो महीने बाद भी वेतन नहीं मिल सका है, बिना वेतन ही दूसरे जिलों से आए शिक्षक यहां कर्जा लेकर काम चला रहे हैं। जबकि अन्य जिलों में वेतन जारी हो चुका है, शासन की प्राथमिकता में यह कार्य शामिल था। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने इस मामले में ज्ञापन देकर, अल्टीमेटम दिया है।
जिले में इंटर कॉलेजों में शिक्षकों की भारी किल्लत थी, कई स्कूल एक या दो शिक्षकों के ही भरोसे चल रहे थे। छात्रों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए भर्ती निकालकर स्कूलों में शिक्षकों की बंपर नियुक्ति की गई, हापुड़ को 350 शिक्षक मिले, चुनाव से पहले ही इन्हें नियुक्ति दे दी गई।
लेकिन आज तक भी इन शिक्षकों को वेतन नहीं मिल सका है, यह लापरवाही नहीं बल्कि डीआईओएस कार्यालय से शिक्षकों का खुला शोषण है। पहली ही नियुक्ति पाए शिक्षक कहीं शिकायत करने से डर रहे हैं, हालांकि अब उनकी मांग को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ मैदान में उतर गया है। संघ की ओर से जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह पुंडीर, जिलामंत्री कृष्ण द्विवेदी, समरजीत सिंह, मीडिया प्रभारी पारुल त्यागी, राघवेंद्र प्रताप सिंह ने इस मामले में डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने बताया कि समस्या पर डीआईओएस द्वारा अनमन्यता पत्र जारी किया है।