भाजपा के दावेदारों में बेचैनी, सूची का इंतजार
हापुड़। विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने तीनों, सपा-रालोद गठबंधन ने दो तथा कांग्रेस ने एक विधानसभा से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। ऐसे में बीजीपी की सूची का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। हालांकि बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर फर्जी सूची वायरल हुई, जिसके बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई। टिकट की लाइन में लगे कई दिग्गज काफी मायूस हुए। समर्थक अपने अपने नेता के पक्ष में बधाई संदेश दे रहे हैं। लेकिन अभी तक हापुड़ की किसी भी सीट से किसी प्रत्याशी का नाम घोषित नहीं किया गया है।
हापुड़ में बृहस्पतिवार को रालोद ने हापुड़ सीट से गजराज सिंह को प्रत्याशी घोषित कर दिया। जबकि सपा ने धौलाना सीट पर असलम चौधरी, बसपा ने भी हापुड़ से मनीष सिंह, गढ़ से हाजी आरिफ तथा धौलाना से वासिद प्रधान को प्रत्याशी घोषित किया। ऐसे में भाजपा की सूची का भी इंतजार हो रहा था, तभी अचानक सोशल मीडिया पर भाजपा की जिले की तीनों विधानसभा सीटों से प्रत्याशियों के नाम वायरल कर दिए गए। इसमें दो विधानसभा सीटों पर नए प्रत्याशी उतारने की बात कही गई। वहीं एक सीट पर वर्तमान विधायक पर विश्वास जताया गया। सूची वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं में हलचल बढ़ गई। टिकट से वंचित दावेदार मायूस हो गए। दावेदारों ने दिल्ली और लखनऊ में फोन घनघनाए। लेकिन वहां से कोई सूची जारी न होने की बात कही गई। हालांकि शनिवार को दिन भर हापुड़ और गढ़ सीट पर टिकट पक्का होने की चर्चाओं के बाद बधाईयों का सिलसिला भी शुरू हो गया। खुद भाजपा से जुड़े लोगों ने भी अपने प्रत्याशियों के लिए बधाई देनी शुरू कर दी। लेकिन यह अफवाह निकली।
भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा ने बताया कि अभी तक प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं हुई है। उम्मीद है कि शनिवार को सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। पार्टी जिस प्रत्याशी को टिकट देगी, उसे मजबूती के साथ लड़ाया जाएगा। जिले में तीनों सीटों पर भाजपा की जीत होगी।