पांच वर्षीय बच्ची के साथ युवक ने किया दुष्कर्म
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पांच वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया। मामला नौ अगस्त का है, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने बताया कि नौ अगस्त को पीड़िता के घर में निर्माण कार्य चल रहा था। परिवार के लोग घर में काम कराने में व्यस्त थे और उसकी पांच वर्षीय पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया।
इसके बाद युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज आने पर परिजन आरोपी के घर की ओर दौड़े। परिजनों को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसके बाद पीड़ित ने फोन कर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को तलाश कर हिरासत में भी ले लिया। इसके बाद पुलिस बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई थी।
आरोप है कि इसके बाद कोतवाली में तैनात एक होमगार्ड ने पीड़िता से तहरीर लिखवाकर रख ली थी। लेकिन कार्रवाई नहीं की और आरोपी को छोड़ दिया। शिकायत करने पर पुलिसकर्मियों ने धमकाकर पीड़िता को कोतवाली से भगा दिया। 11 अगस्त 2021 को पीड़िता मामले में एसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि किन कारणों से पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।