36 दिन बाद जिले में कोरोना ने दी दस्तक
हापुड़। जिले में 36 दिन बाद फिर से कोरोना की दस्तक ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। पिलखुवा के एक गांव निवासी व्यक्ति आरटीपीसीआर जांच में पॉजिटिव मिला है, जिसे होम आइसोलेट किया गया है। मरीज का सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा जा रहा है। ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगालने के साथ ही नजदीकी लोगों से भी जांच कराने की अपील की गई है।
कोरोना के नए स्वरूप का खतरा तेजी से मंडरा रहा है। जिला करीब एक महीने से कोरोना मुक्त था। हालांकि नजदीकी जिला गाजियाबाद और मेरठ में लगातार केस मिल रहे थे। एहतियातन स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने भी जांच का दायरा बढ़ाया था। बुधवार को पिलखुवा में जांच कैंप के दौरान एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। अधिकारियों ने बताया कि मरीज में कोरोना का कोई लक्षण नहीं है, देखने में वह पूरी तरह स्वस्थ लग रहा है। इस कारण मरीज को होम आइसोलेट कराया गया है, हालांकि उसकी निगरानी बढ़ा दी गई है।
जेल में बंद सास से मिलने जा रहा था मरीज
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, कोरोना पॉजिटिव मिला मरीज मेरठ जेल में बंद अपनी सास से मिलने जा रहा था। इससे पहले उसे आरटीपीसीआर रिपोर्ट की जरूरत थी। इसके लिए मरीज खुद ही कैंप पर जांच के लिए पहुंचा था।
बाजारों में नियमों की उड़ रही धज्जियां
बाजारों में भीड़ बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के उमड़ रही है। लोग कोरोना की दूसरी लहर से भी सबक नहीं ले रहे, जबकि ओमिक्रॉन का खतरा लगातार बढ़ रहा है। अभी भी नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में हालत बदतर हो जाएंगे।
दो अप्रैल 2020 को आया था पहला मामला
जिले में कोरोना का पहला मामला दो अप्रैल 2020 को सामने आया था। नवंबर 2020 तक पहली लहर का असर रहा। इसके बाद अप्रैल 2021 में दूसरी लहर ने तांडव मचाया। अब फिर से नया स्वरूप सामने आया है।
दूसरी लहर के बाद तीन बार कोरोना मुक्त हो चुका है जिला
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, दूसरी लहर में 216 मौतों के बाद लगातार तीन बार जिला कोरोना मुक्त हो चुका है। सबसे पहले 4 सितंबर, फिर 19 सितंबर और इसके बाद 29 नवंबर को जिला कोरोना मुक्त हुआ था।
---
जिले में कोरोना की स्थिति
कुल जांच----833549
कुल मरीज---12314
स्वस्थ मरीज---12097
कुल मौत----216
सक्रिय केस --01
---
मरीज की खंगाली जा रही ट्रेवलिंग हिस्ट्री
कोरोना संक्रमित मिले मरीज की ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगाली जा रही है। संपर्क में आए लोग अपनी जांच अवश्य करा लें, ताकि संक्रमण का विस्तार न हो सके। टीकाकरण भी सुनिश्चित करा लें।
- डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ
बाजार में बिना मास्क उमड़ती भीड़- फोटो : HAPUR