बाबा टिकैत के नाम पर पालिका गेट का नामकरण करने के लिए हंगामा
हापुड़। नगर पालिका परिषद के गेट का नामकरण बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के नाम पर करने की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पालिका सभागार में जमकर हंगामा और धरना प्रदर्शन किया। ईओ ने किसानों को जल्द बैठक में प्रस्ताव रखने का आश्वासन दिया। इस पर किसानों ने आंदोलन की चेतावनी देकर धरना स्थगित कर दिया।
भाकियू के मंडल महासचिव ज्ञानेश्वर त्यागी ने कहा कि बाबा महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के मसीहा थे, लेकिन जिले में उनके नाम पर कोई धरोहर नहीं है। नगर पालिका के नवनिर्मित गेट का नामकरण उनके नाम से किए जाने की मांग उठाई जा रही है। लेकिन अफसर इस ओर गंभीर नहीं हैं।
साथ ही स्वर्ग आश्रम रोड का नाम शहीद मेजर आशाराम त्यागी के नाम से कराने, पालिका सभागार का नामकरण शहीद चंद्रशेखर आजाद के नाम से कराने की भी मांग की जा रही है। लेकिन भाजपा नेताओं के नाम पर इन धरोहरों के नाम रखे जा रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाकियू कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए नगर पालिका ईओ पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसान ठोस जवाबदेही पर अड़ गए। जिस पर ईओ ने जल्द बैठक बुलाकर इस प्रस्ताव को रखने का आश्वासन दिया। किसानों ने मांगों का जल्द निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी देकर धरना समाप्त किया।
इस दौरान मनवीर, आवेश, जोगिंदर, धर्मवीर त्यागी, विनोद त्यागी, सचिन त्यागी, ताराचंद शर्मा, अमित त्यागी, बृजेश कश्यप, अरूण त्यागी, साहेब अली, अमरिंदर सिंह गुड्डू, कुलदीप राठी, राजीव त्यागी, चिंता त्यागी, नीतू चौधरी, विपिन जाटव, गुरूदत्त, मयंक जाटव मौजूद रहे।