टैबलेट, स्मार्टफोन के लिए 24 हजार अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
हापुड़। छात्रों के तकनीकी शिक्षा से जुड़ने का सपना साकार होने जा रहा है। शासन ने टैबलेट, स्मार्टफोन के वितरण का ब्योरा स्पष्ट कर दिया है। हापुड़ से करीब 24 हजार अभ्यर्थी अब तक आवेदन कर चुके हैं। संभवत: 20 दिसंबर के बाद से इनका वितरण छात्रों में होगा। फार्म भरने से वंचित रहे छात्र अभी भी कॉलेज में इसकी जानकारी करने पहुंच रहे हैं।
कोरोना महामारी में स्कूल, कॉलेज बंद होने से छात्रों के समक्ष पढ़ाई का संकट आ गया। क्योंकि बहुत से गरीब छात्रों के पास न तो स्मार्ट फोन थे और न ही कंप्यूटर। अब चुनावी माहौल में सरकार ने ऐसे छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का निर्णय लिया। इसके लिए बीते दिनों कॉलेजों से छात्रों का ब्योरा मांगा गया था। कॉलेजों ने छात्रों से फार्म भरवाए, जिसमें उनकी पढ़ाई, निवास, आय संबंधी समस्त दस्तावेज सम्मलित कराए।
शासन ने अब स्पष्ट कर दिया है कि तकनीकी शिक्षा, मेडिकल, नर्सिंग, पैरामेडिकल के छात्रों को टैबलेट और स्नातक, परास्नातक, सेवा मित्र पोर्टल पर पंजीकृत कुशल श्रमिक, एमएसएमई विभाग की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एससी एसटी स्वरोजगार प्रशिक्षण योजना, पिछड़ा वर्ग प्रशिक्षण योजना और ओडीओपी की प्रशिक्षण योजना में पंजीकृत छात्रों को स्मार्टफोन दिया जाएगा।
सत्यापन के बाद विवि को भेजी गई सूची
हापुड़ के शिक्षण संस्थानों में करीब 24 हजार छात्रों ने आवेदन कर दिया है। कॉलेजों से आवेदन का सत्यापन कर यूनिवर्सिटी को ब्यौरा प्रेषित किया जा चुका है। अब शासन स्तर से सत्यापन होगा। शासन द्वारा तकनीकी संशोधन कराने के लिए कंपनियों को भी नामित कर दिया गया है। इससे छात्रों में खुशी की लहर है, क्योंकि चुनाव से पहले ही उन्हें इनका लाभ मिलेगा।
---
पात्रों को ही मिलेगा योजना का लाभ
शासन की योजना का पात्रों को लाभ दिलाया जाएगा। कॉलेजों की ओर से छात्रों का ब्योरा प्रेषित किया जा रहा है। इस योजना में छात्र तकनीक से जुड़ सकेंगे, जिसका उन्हें भविष्य में भी लाभ मिलेगा।
-निशा अस्थाना, डीआईओएस