आर्थिक विकास योजना के तहत
4.4 करोड़ से बनेंगी 39 सड़कें
हापुड़। जिले में त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 4.40 करोड़ रुपये से 39 सीसी रोड बनाई जाएंगी। शासन ने जिले के विकास कार्यों को गति देने के लिए बजट स्वीकृत किया है। इसमें हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में 19 और गढ़ विधानसभा क्षेत्र में 20 निर्माण कार्य करवाएं जाएंगे। इसके लिए प्रथम किश्त के तौर पर 2.22 करोड़ की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए आचार संहिता लगने से पहले विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। शासन के विशेष सचिव ने त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत हापुड़ और गढ़ विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए करीब पांच करोड़ का बजट स्वीकृत किया है। हापुड़ विधानसभा के लिए 278.94 लाख में 222.81 लाख का बजट अवमुक्त किया गया है। इस बजट से हापुड़ में 19 कार्य होंगे। इसी प्रकार गढ़ विधानसभा क्षेत्र में 20 कार्य होने हैं।
ये होंगे कार्य ---
हापुड़ में गांव जरूपनगर योगना मेन सड़क से लेकर ठाकुर के मकान की 193 मीटर लंबी सीसी रोड़, नलीहुसैनपुर में भूदेव शर्मा के मकान से लेकर सोहन पंडित के मकान की तरफ 190 मीटर लंबी सीसी रोड़, सिमरौली गांव में पदम के ट्यूबवेल से लेकर दिनेश शर्मा के मकान की 192 मीटर लंबी सीसी रोड़, भमैड़ा, मुरादपुर, शेखपुर, बछलौता, धनौरा, हरसिंहपुर मुख्य गांवों में सीसी रोड का निर्माण होगा।
---
धनराशि जारी हो चुकी है। इस धनराशि से गांवों में चिन्हित विकास कार्य कराए जाएंगे। जल्द ही इनका निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। - श्रद्धा शांडिल्ययान, एडीएम हापुड़