15 हजार घरों के मीटर खराब, बिना रीडिंग जारी हो रहे बिल
हापुड़। बिजली निगम में मीटर संकट गहरा गया है। 15 हजार से अधिक घरों में फुंके हुए मीटरों से बिजली की सप्लाई हो रही है, बिल भी अंदाजे से ही बन रहे हैं। 1500 से अधिक नए कनेक्शन को डेढ़ महीने बाद भी नए मीटर नहीं लगे हैं। शासन की झटपट योजना में आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को भी राहत नहीं मिली है। उपभोक्ता इस अव्यवस्था से खासे परेशान हैं।
आधुनिकता की दौर में शासन उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से सप्लाई देने का सपना संजोए है, ताकि समय से बिल जमा हो सके। कई जिलों में यह कवायद शुरू भी की गई है। लेकिन हापुड़ जिला अभी साधारण मीटर की किल्लत से ही नहीं उबर पा रहा है। बीते छह महीने से लगातार मीटर की कमी चली आ रही है, अब तक जैसे तैसे उपभोक्ताओं को समझाया जा रहा था। लेकिन अब समस्या गंभीर हो गई है।
ऐसा कोई गांव, मोहल्ला नहीं बचा, जहां मीटर संबंधी परेशानी न हो। गजब की बात यह है कि 15 हजार से अधिक घरों में खराब मीटर से सप्लाई दी जा रही है, इन घरों के उपभोक्ता लगातार निगम अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
झटपट योजना में 24 घंटे में मिलता है कनेक्शन
भ्रष्टाचार रोकने और उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए शासन ने झटपट योजना लागू की है। इसमें आवेदन के 24 घंटे में ही उपभोक्ताओं को कनेक्शन मिल जाता है। लेकिन मीटर की कमी के चलते कनेक्शन होने के कई दिन बाद भी सप्लाई मीटर से नहीं मिल पा रही है।
सर्दियों में देना पड़ रहा गर्मियों का बिल
जिन उपभोक्ताओं के मीटर गर्मियों में खराब हुए हैं, उनके आज तक आरडीएफ के बिल आ रहे हैं। यह बिल पिछले महीनों की रीडिंग के अनुसार ही बनाए जाते हैं। लेकिन सर्दियों में बिजली की खपत कम हो जाती है, ऐसे में उपभोक्ता बढ़ेे बिल भरकर परेशान हो रहे हैं।
मीटर चल रहे तेज, कोई सुनवाई नहीं
देहात अंचल में लगे मीटर का बिल काफी ज्यादा आ रहा है। उपभोक्ताओं का दावा है कि मीटर फास्ट चल रहे हैं। लेकिन शिकायत दर्ज कराने का कोई ठोस पटल उनके लिए नहीं है। शिकायत यदि करें भी तो कोई अधिकारी, कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचता है।
दस हजार से अधिक शिकायतें
उपभोक्ताओं की पहले शिकायतें बिल को लेकर आती थीं, लेकिन इन दिनों मीटर को लेकर सबसे अधिक शिकायतें हैं। दस हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं, रोजाना उपभोक्ताओं को आश्वासन देकर थक चुके कर्मचारी अब खुद भी बचने लगे हैं।
एक महीने से काट रहा चक्कर
दिवाली के दौरान मीटर खराब हो गया था, एक महीने से लगातार चक्कर काट रहा हूं। लेकिन मीटर नहीं बदला गया है। आरडीएफ का बिल जारी किया जा रहा है, सुविधा के नाम पर शोषण हो रहा है।--प्रिंस त्यागी,कृष्णानगर।--फोटो संख्या--01
कनेक्शन मिला, नहीं लगा मीटर
एक महीने पहले कनेक्शन लिया था, लेकिन मीटर आज तक नहीं लग सका है। कनेक्शन के दौरान शुल्क जमा करा लिया गया था, लेकिन सुविधा अभी तक नहीं मिल सकी है।--फोटो संख्या--02
जल्द बदले जाएंगे मीटर
मीटर की समस्या से जल्द राहत दिलायी जाएगी। जितने मीटर आ रहे हैं, उपभोक्ताओं को दिए जा रहे हैं। डिस्कोम के स्तर का यह मामला है, इसकी खास जानकारी उन्हें नहीं है।--गीता आनंद, अधिशासी अभियंता, मीटर।