बीज की दुकानों पर छापा, चार को नोटिस और 12 को दी चेतावनी
हापुड़। बीज की ओवर रेटिंग और उपलब्धता की जांच को लेकर मंगलवार को कृषि विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में छापे मारे। कार्रवाई के डर से 12 दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए, जिन्हें नोटिस जारी कर दिया गया है। साथ ही रिकॉर्ड, रेट लिस्ट समेत अन्य खामियां मिलने पर 12 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए। 21 सैंपल जांच को लैब भेज दिए हैं।
डीएम अनुज सिंह के आदेश पर जिले की तीनों तहसीलों में छापे मारे गए। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार और नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र देव ने 18 दुकानों पर छापे मारे, विभिन्न बीज के 12 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे। कार्रवाई होती देख 6 दुकानदार अपनी दुकान बंद करके भाग गए, उन्हें चेतावनी जारी कर दी गई है। उप कृषि निदेशक वीबी सिंह व तहसीलदार गढ़ ने 10 दुकानों पर छापे मारे। बीज के पांच सैंपल एकत्र किए। दुकानों पर विभिन्न खामियां मिलने पर चार दुकानदारों को नोटिस जारी कर, तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब देने के निर्देश दिए हैं। उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी व तहसीलदार धौलाना ने 14 दुकानों पर जांच की। यहां से चार सैंपल एकत्र किए, दुकान बंद कर भागे 6 दुकानों को चेतावनी दी गई। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जिले में बीज की ओवर रेटिंग नहीं होने दी जाएगी। दुकान बंद कर भागने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर लिया गया है, वहां फिर से सैंपलिंग कराएंगे। किसी तरह की खामी बर्दाश्त नहीं होगी।