पेंशन बहाली के लिए शिक्षकों ने निकाली बाइक रैली
हापुड़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सोमवार को यूनिक टीचर्स एंप्लाइज कमेटी के आह्वान पर शिक्षक व सरकारी कर्मचारियों ने शहर में बाइक रैली निकाली। कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्याओं के निस्तारण की मांग उठाई।
कमेटी के जिला संयोजक डॉ देवपाल सिंह राणा ने कहा कि केंद्र की नौकरियों में एक जनवरी 2004 से तथा प्रदेश की नौकरियों में एक अप्रैल 2005 से शिक्षक, कर्मचारियों व अधिकारियों को दी जाने वाले सामाजिक सुरक्षा, पुरानी पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर, शेयर बाजार आधारित नवीन पेंशन व्यवस्था लागू कर दी गई है। यह न तो कर्मचारियों के हित में है और न ही देश एवं प्रदेश के हित में। कर्मचारियों के साथ ही सरकार का पैसा भी प्राइवेट कंपनियों के पास जा रहा है, जिसकी कोई गारंटी नहीं है। मोहित राघव ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली जल्द से जल्द होनी चाहिए। रैली में रविंद्र गुप्ता, सुधीर यादव, मोनू, कविता, प्रतीक गुप्ता, रीतेश, विकास सैनी, मानेंद्र प्रताप, अमित कुमार, मुकेश चंद, रामकुमार, रमेश चंद शर्मा, सुंदरपाल, राघवेंद्र प्रताप, शिवराम वर्मा मौजूद रहे।