टीकाकरण से छूटे तीन लाख लोगों की होगी काउंसिलिंग
हापुड़। कोरोना महामारी के खतरे से अंजान टीकाकरण से दूरी बनाए बैठे जिले के तीन लाख लोगों की अब स्वास्थ्य विभाग काउंसिलिंग कराएगा। इसके लिए आशा, आंगनबाड़ी, ग्राम प्रधानों और सभासदों से सहयोग मांगा गया है। घर-घर जाकर ऐसे लोगों से मिलकर टीकाकरण के फायदे बताएंगे और बूथों तक लाया जाएगा।
जिले में टीकाकरण 16 जनवरी से शुरू हुआ था, इस समय अभियान का छठा चरण चल रहा है। जिले में 18 साल से ऊपर के लोगों की संख्या करीब 9.50 लाख है। इसमें 6.65 लाख लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है। साथ ही 2.60 लाख दूसरा टीका भी लगवा चुके हैं। महामारी से बचाव के लिए दोनों ही टीके लगवाए जाने आवश्यक हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव, शहर के हर मोहल्ले में कैंप लगवाए जा रहे हैं। इन दिनों स्लॉट बुकिंग भी बंद कर दी गई है, कोई भी व्यक्ति किसी भी कैंप में सीधे जाकर टीका लगवा सकता है। लेकिन करीब तीन लाख लोग अभी भी टीकाकरण से दूरी बनाए बैठे हैं, जो कोरोना महामारी के खतरे को भी बढ़ा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। आशा, आंगनबाड़ी गांव, शहर के घर घर में जाकर परिवारजनों से टीकाकरण के बारे में जानकारी ले रही हैं। जिन लोगों को टीके लगे हैं, उनके कार्ड देखकर सूची तैयार कर रही हैं, साथ ही टीका लगवाने से वंचित लोगों की अलग से सूची बनाई जा रही है। इन लोगों को फोन के जरिए समय-समय पर टीकाकरण के फायदे गिनाए जा रहे हैं। वहीं इस अभियान में ग्राम प्रधान और शहरी क्षेत्र में सभासदों से भी सहयोग मांगा गया है।
जिले में टीकाकरण की स्थिति-
कुल टीकाकरण---925560
पहला डोज-----665120
दूसरा डोज------260440
कुल आबादी 18 साल से ऊपर -----9.50 लाख।
सभी लगवाएं टीका
कोरोना से बचाव के लिए सभी लोग समय से टीका लगवा लें, ताकि जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा न रहे। बूथों पर बिना स्लॉट बुक कराए भी टीके लगवाए जा सकते हैं।--डॉ संजीव कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।