32 हजार लाभार्थियों के बनेंगे गोल्डन कार्ड
हापुड़। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) का लाभ सभी अंत्योदय कार्ड धारकों को मिलेगा। योजना के तहत 8805 अंत्योदय कार्डधारकों के परिवारों के 32 हजार लाभार्थियों का चयन किया गया है। कार्ड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व कॉमन सर्विस सेंटर पर बनाए जाएंगे। लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी। 11 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वर्चुअल कार्यक्रम में कार्ड वितरित करेंगे।
वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत हुई थी। इसमें हापुड़ के 49 हजार परिवारों के 2.44 लाख लोगों को शामिल किया गया था। लेकिन पात्रों को चयन में गड़बड़ी के चलते ऐसे लोग भी शामिल हो गए जो इसके पात्र भी नहीं थे।
शासन के आदेश पर अब जिले के अंत्योदय कार्ड धारकों को इस योजना में शामिल किया गया है। जिले में 8805 परिवारों के अंत्योदय कार्ड बने हुए हैं। इन परिवारों के सभी 32 हजार लोगों को गोल्डन कार्ड मिलेंगे। 11 अक्तूबर को जिले के चारों ब्लॉकों में समारोह होगा, जिसमें कुल 650 लोगों को योजना संबंधी कार्ड मुहैया होंगे।
6800 श्रमिक परिवारों को किया शामिल
मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में जिले के 6800 श्रमिक परिवारों को भी शामिल किया गया है। तीन साल तक गरीबी में जीवन निर्वाह कर रहे ये लोग काफी समय से इस मांग को उठा रहे थे। इन लोगों को अब पांच लाख तक निशुल्क उपचार मिलेगा।
पैनल में शामिल हैं ये अस्पताल
योजना के तहत मरीजों को उपचार देने के लिए शहर के देवनंदिनी अस्पताल, रामा मेडिकल, जीएस मेडिकल, सरस्वती मेडिकल, मधु हॉस्पिटल, आयुष्मान सिंभावली, सीएचसी धौलाना, गढ़ और हापुड़ पैनल में शामिल हैं। गोल्डन कार्ड पर यहां कैशलेस उपचार की सुविधा है। साथ ही प्रयाग हॉस्पिटल ने भी पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन किया है।
3527 मरीजों को मिला अब तक उपचार
जिले के 3527 मरीजों को अब तक योजना के तहत उपचार मिला है। जिसमें घुटना प्रत्यारोपण, कूल्हा प्रत्यारोपण समेत गंभीर बीमारियों का इलाज शामिल है। जिन लोगों के पास गोल्डन कार्ड नहीं हैं वह प्रधानमंत्री की पाती से भी इलाज करा सकते हैं।
शासन से मिली स्वीकृति
जन आरोग्य योजना में अंत्योदय कार्ड धारकों को शामिल कर लिया गया है। इसकी सूची पर शासन से स्वीकृति मिल गई है। 11 अक्तूबर से कार्ड वितरित होंगे, अस्पतालों में योजना में शामिल मरीजों को पांच लाख रुपये तक निशुल्क उपचार मिलेगा।--डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।