दूसरे का मकान बेचकर व्यापारी से ठगे दो लाख रुपये
हापुड़। खुद को मकान का मालिक बताकर एक व्यक्ति ने बाबूगढ़ के गांव कनिया कल्याणपुर निवासी तरुण कंसल से दो लाख रुपये ठग लिए। अब शातिर का कुछ अता पता नहीं है। पीड़ित ने एसपी से मामले की शिकायत की है।
तरुण कंसल ने बताया कि गांव का ही एक व्यक्ति बाबूगढ़ कस्बे में रहता है। उसने बताया कि उसका बाबूगढ़ में एक मकान है, जो उसे बेचना है। इस पर उन्होंने मकान खरीदने की इच्छा जाहिर की और वह मकान को देखने के लिए पहुंच गया। इस बीच वहां मौजूद किरायेदारों ने भी मकान उसी व्यक्ति का बताया। इसके बाद 15 लाख में सौदा तय हो गया और एडवांस के तौर उसने आरोपी को दो लाख रुपये दे दिए। कुछ दिन बाद बैनामा करने की बात कहकर आरोपी चला गया। तब से उसका कोई सुराग नहीं है। बाद में छानबीन करने पर पता चला कि यह मकान उसका नहीं है। यह पूरा एक गैंग है जो कई लोगों से ठगी कर चुका है। एसपी दीपक भूकर का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल गई है। बाबूगढ़ पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।