लूट में विफल बदमाशों ने मजदूर के सिर में मारी तमंचे की बट
हापुड़। थाना के गांव सलारपुर में राजकीय डिग्री कॉलेज के निर्माण में लगे मजदूर से चार बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने मजदूर के सिर पर बट मारकर घायल कर दिया। लोगों को एकत्र होता देख बदमाश फरार हो गए।
गांव सलारपुर में राजकीय विद्यालय निर्माण में झांसी निवासी शंकर मजदूरी कर रहा था। दोपहर के समय विद्यालय के बाहर एक बाइक पर सवार होकर चार युवक पहुंचे। युवकों ने विद्यालय परिसर में घुसकर मजदूर शंकर को पकड़ लिया। बदमाशों ने शंकर से मारपीट कर मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने सिर पर तमंचे की बट से वार कर घायल कर दिया। लोगों को एकत्र होता देखकर बदमाश बाइक पर फरार हो गए। घायल मजदूर ने प्राथमिक उपचार के बाद थाने में तहरीर दी। सीओ पवन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कराई जा रही है।