नवरात्र में ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट हों ट्रांसपोर्टर : वीसी
हापुड़। एचपीडीए द्वारा विकसित ट्रांसपोर्ट नगर को बसाने के लिए प्राधिकरण व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने फिर से कवायद शुरू कर दी है। शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए प्राधिकरण की वीसी अर्चना वर्मा और एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन ने ट्रांसपोर्टरों से शरदीय नवरात्र में ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट होने की अपील की है। वहीं ट्रांसपोर्टरों ने अधिकारियों को आश्वासन दिया है।
ट्रांसपोर्टरों को शहर से बाहर विस्थापित करने के लिए एचपीडीए ने निजामपुर बाईपास के पास ट्रांसपोर्ट नगर योजना विकसित की। योजना के तहत काफी ट्रांसपोर्टरों ने यहां प्लॉट आदि भी खरीदे लेकिन यहां पर अपना व्यवसाय शिफ्ट नहीं किया। जिसके कारण शहर में भारी वाहनों का आवागमन होने से हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टरों को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट कराने के लिए पहले भी काफी प्रयास किए लेकिन कोई सफलता नहीं मिला। अब फिर से अधिकारियों ने प्रयास शुरू किए हैं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक में प्राधिकरण उपाध्यक्ष अर्चना वर्मा ने ट्रांसपोर्टर्स से कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर को बसाने के लिए सभी व्यापारी व ट्रांसपोर्टर सहयोग दें। जिनका प्लॉट आवंटित है, वह अपने उद्योग आदि लगाने के लिए प्राधिकरण की प्रक्रिया पूरी करके निर्माण शुरू कराएं। उन्होंने कहा कि शहर में जाम की समस्या खत्म करने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर को बसाना आवश्यक है।
अपर जिलाधिकारी श्रद्धा शांडिल्ययान ने बताया कि ट्रांसपोर्टर शरदीय नवरात्र से शिफ्ट हो जाएं। ट्रांसपोर्टर व उद्यमियों से इस कार्य में सहयोग की अपील की गई। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में अगर किसी तरह की असुविधा होती है, तो उस कार्य को भी संबंधित विभागों से पूरा कराया जाएगा। बैठक में अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।