साबुन मंगवाने के नाम पर ठगे 15.99 लाख
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा स्थित एक साबुन फैक्टरी के मालिक से दो व्यापारियों ने उधार साबुन मंगवाकर 15.99 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस के कार्रवाई न करने पर पीड़ित ने एसपी से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उत्तम शाप इंडस्ट्रीज के मालिक सोनू बंसल ने बताया कि बिहार के जनपद सीता मंडी स्थित सुसंड साबुन एजेंसी के प्रोपराइटर ब्रांजी पांडेय व जनपद सितामंडी क्षेत्र के पंच परिहार स्थित एनके इंटरप्राइजेज के मालिक अमित को वह साबुन सप्लाई करता था। साबुन सप्लाई करने के बाद वे समय से धनराशि दे दिया करते थे। कुल मिलाकर उनके बीच लेन देन ठीक ठाक चल रहा था और बेहतर व्यापारिक संबंध थे। लेकिन कुछ महीने पहले उसने साबुन भेजी, लेकिन उन्होंने साबुन की कीमत नहीं दी। ब्रांजी पांडेय ने 6.86 लाख व अमित ने 9.13 लाख रुपये की साबुन उधार लेकर हड़प लिए हैं। काफी समय से वह उनसे तगादा कर रहा है।
सख्ती से तगादा करने पर आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। थाना स्तर पर कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि एसपी के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनकी तलाश की जा रही है।