अकड़ौली में मंदिर का चैनल तोड़कर दानपात्र चोरी
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव अकड़ौली के मंदिर का चैनल तोड़कर चोर दानपात्र ले गए। इसके अलावा चोरों ने एक प्राथमिक विद्यालय व सेनेटरी स्टोर की दुकान को भी निशाना बनाया।
गांव हाफिजपुर के गांव अकड़ौली में नागेश्वर मंदिर है। बृहस्पतिवार रात किसी समय चोर मंदिर के चैनल का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। मंदिर के पुजारी धन सिंह ने बताया कि चोर दानपात्र, इंवर्टर व बैट्रा चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने पास के गांव नवादा स्थित प्राथमिक विद्यालय में चोरी का अंजाम दिया। प्रधानाध्यापक विशाखा ने बताया कि चोरों ने विद्यालय की रसोई में रखा गैस सिलिंडर व अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद चोर विकास कुमार की सेनेटरी स्टोर में घुसकर इंवर्टर, बैट्रा व 12 हजार रुपये की नकदी ले गए। थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।