38 भवनों का निकला ड्रॉ, एचपीडीए को मिलेगा 3.03 करोड़ का राजस्व
हापुड़। दिल्ली रोड स्थित एचपीडीए द्वारा मंगलवार को भवन व भूखंडों को खरीदने के लिए लॉटरी ड्रॉ निकाला गया। 38 लकी आवेदकों को भूखंडों को आवंटित किया गया। इससे प्राधिकरण को करीब तीन करोड़ के राजस्व की भी प्राप्ति हुई।
प्राधिकरण के सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्राधिकरण की ओर से दुर्बल व अल्प आय वर्ग के लोगों को भूखंड आवंटित हेतु लॉटरी ड्रॉ निकाला गया। जिसमें 59 आवेदकों में से 38 लोगों को भवन आवंटित किए गए। 38 भवनों से प्राधिकरण को करीब 3.03 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।
वहीं ड्रॉ के दौरान आवेदिका दीपा को भवन आवंटित किया गया, तो वह खुशी के मारे भावुक हो गई। उसने बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है।
अब नवरात्रों में दोबारा भवनों के आवंटन हेतु लॉटरी ड्रॉ निकाला गया। इसके लिए इच्छुक आवेदक पंजीकरण कर सकते हैं। प्राधिकरण की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।