किसान घर बैठे भर सकेंगे गन्ना खरीद का घोषणा पत्र
हापुड़। जिले के किसान घर बैठे ही गन्ना खरीद का ऑनलाइन घोषणा पत्र भर सकेंगे। ईआरपी की वेबसाइट पर फार्म अपलोड के दौरान आ रही जटिलताओं को सरल कर दिया गया है। गन्ना एवं चीनी आयुक्त ने किसानों की इस समस्या का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
जिले में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की जाती है। अब से पहले गन्ना समितियों द्वारा गांव-गांव जाकर किसानों से गन्ना खरीद का घोषणा पत्र भरवाया जाता था। ऐसे में किसानों का काफी समय बर्बाद हो जाता था। इसमें खामियों को दुरुस्त कराने में भी किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
कोविड व अन्य समस्याओं को देखते हुए गन्ना विभाग द्वारा ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने की सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए ईआरपी की वेबसाइट जारी की गई है। लेकिन इस पर आने वाली विभिन्न समस्याओं के कारण किसान फार्म अपलोड नहीं कर पा रहे थे। एप पर भी इन समस्याओं का निस्तारण हो गया है।
गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी ने विभाग के अधिकारियों के दिए आदेश में बताया कि किसानों को घोषणा पत्र भरने के दौरान राजस्व भूमि के प्रमाण के रूप में खतौनी अपलोड नहीं करनी पड़ेगी। इसके साथ ही फार्म ओपन करने वाले कृषकों के फार्म में डॉक्यूमेंट अपलोड के सेक्शन को भी डिसेबल कर दिया गया है। इसके अलावा जटिल शब्दों को भी आसान किया गया है।
डीसीओ = किसान ऑनलाइन घोषणा पत्र आसानी से भर सकेंगे। इसकी जटिलताओं को सरल कर दिया गया है। घर बैठकर ही एंड्रॉयड फोन से ऑनलाइन घोषणा पत्र भर सकते हैं।