छह दिन से नहीं मिला नया संक्रमित
हापुड़। जिला एक बार फिर कोरोना मुक्त होने की दहलीज पर है। छह दिन से एक भी नया संक्रमित नहीं मिला है। वहीं दोनों सक्रिय मरीजों का अस्पताल से जल्द छुट्टी मिलने वाली है। बृहस्पतिवार को 1301 लोगों की जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
जिले में कोरोना का पहला मामला दो अप्रैल 2020 को दर्ज किया गया था। करीब 16 महीने के बाद 24 अगस्त 2021 को पहली बार जिला कोरोना मुक्त घोषित हुआ था। इस दिन जिले में एक भी कोरोना का मरीज नहीं था। हालांकि यह उपलब्धि जिले को सिर्फ एक दिन के लिए ही मिल सकी।
25 अगस्त को फिर से एक नया मरीज मिल गया। जिसके बाद जिले में फिर से सख्ती शुरू कर दी गई। वर्तमान में दो सक्रिय मरीजों का उपचार अस्पतालों में चल रहा है। जिनकी हालत ठीक बताई जा रही है। बीते छह दिन से नया मरीज नहीं मिलने से अब जिला फिर से कोरोना मुक्ति की दहलीज पर है।
वहीं, बृहस्पतिवार को 1301 लोगों की जांच की गई। इसमें एंटीजन किट से 729, आरटीपीसीआर से 569 और ट्रूनेट से 3 लोगों की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिले में कोरोना की स्थिति
कुल जांच----700782
कुल मरीज---12311
स्वस्थ मरीज--12093
एक्टिव मरीज--02
कुल मौत----216
सोशल डिस्टेंसिंग का रखें ख्याल
कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का हर हाल में पालन किया जाए। मास्क और सैनिटाईजर अनिवार्य है। संक्रमण को हराने के लिए टीकाकरण अवश्य कराया जाए। - डॉ रेखा शर्मा, सीएमओ।