ठगी करने वाले दो भाई दबोचे
हापुड़। व्यापारियों ने सोना व नकदी की ठगी करने वाले दो भाइयों को बुधवार को व्यापारियों ने सराफा बाजार में दबोच लिया। दोनों भाइयों के खिलाफ पीड़ित व्यापारियों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों को पुलिस को सौंप दिया गया।
सराफा एसोसिएशन हापुड़ के कोषाध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया मोहल्ला ब्रहृमनान निवासी दो भाइयों ने धोखाधड़ी करते हुए उससे व कुछ अन्य सराफा व्यापारियों से करीब 500 ग्राम सोना व 50 हजार रुपये ठग लिए थे। इसके बाद से दोनों भाई फरार चल रहे थे। पीड़ित व्यापारियों ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को दोनों भाई किसी काम से सराफा बाजार में आए थे। उन्हें देखकर ठगी का शिकार होने वाले व्यापारियों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों ने जान से मारने की धमकी दी, जिसकी तहरीर थाने में दी गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।