संजय की हत्या के मामले में 25 हजार का इनामी दबोचा
धौलाना। थाना पुलिस ने करीब दो माह पहले बुलंदशहर के प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में वांछित 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बझैड़ा कला नहर के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया।
29 जून को सौलाना बस स्टैंड के निकट दिनदहाड़े जनपद बुलंदशहर निवासी प्रॉपर्टी डीलर संजय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के भाई द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया हुआ था। इसी बीच सूचना मिली कि संजय की हत्या में शामिल एक आरोपी बझैड़ा कला नहर के निकट खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाश की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देख आरोपी ने गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। बदमाश ने अपना नाम बझैड़ा कला निवासी मुल्ला यामीन बताया। उसने बताया कि उसने आशीष के कहने पर अपने साथियों के साथ मिलकर संजय की हत्या की थी। गिरफ्तार मुल्ला यामीन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है और धौलाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। संजय हत्याकांड में अभी तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। चौथे फरार आरोपी असलम की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
कारोबार में घाटा होने पर हुआ था विवाद
29 जून को दिनदहाड़े धौलाना सौलाना मार्ग स्थित बने बस स्टॉप पर आशीष उर्फ नीलू ने अपने साथियों के साथ विलायत नगर निवासी संजय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर नामजद आशीष उर्फ नीलू को पुलिस पहले से ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बता दें आशीष ने अपने गांव निवासी साथी संदीप उर्फ गोलू पुत्र बृजपाल और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। गांव के ही आशीष के साथ संजय प्रॉपर्टी डीलिंग के साथ शराब का भी कारोबार करता था। कारोबार में घाटा होने पर दोनों के बीच आपस में विवाद हो गया था। आशीष उर्फ नीलू उससे रंजिश रखने लगा और उसकी हत्या की योजना बनाने लगा, वहीं संदीप का संजय से चुनाव के दौरान विवाद हो गया था। जिसकों लेकर संजय के भाइयों ने संदीप की पिटाई कर दी थी। इस बात बात को लेकर संदीप रंजिश रखने लगा। आशीष और संदीप ने मिलकर संजय को मौत के घाट उतार दिया और घटना को अंजाम देकर साथियों के साथ फरार हो गए थे।