पुलिस द्वारा पकड़े गये बाइक चोरी के आरोपी.
- फोटो : HAPUR
चोरी की बाइक के पुर्जे बदलकर बेचने वाले चार गिरफ्तार
धौलाना। थाना पुलिस ने बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और उनके पुर्जे बदल कर वाहन बेचने के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार वाहन चोरों को गिरफ्तार कर सात बाइक और सामान बरामद किया है। पुलिस गिरोह सरगना की तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि बुधवार देर शाम एनटीपीसी-धौलाना मार्ग स्थित प्रताप चौक पर एक युवक को पकड़ा, जांच में बाइक चोरी की निकली। पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अरबाज निवासी सौलाना-लालपुर बताया। अरबाज ने बताया कि वह अपने गांव निवासी बाइक मिस्त्री रहीसुद्दीन उर्फ रहीस के इशारे अपने साथियों के साथ बाइक के इंजन व चेचिस बदलकर कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचने का काम करता है। बाइक लेकर वह नारायणपुर गांव में बाइक मकैनिक शाहरुख निवासी बड़ौदा सिहानी के पास जा रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नारायणपुर में बंद दुकान का शटर खुलवाया तो दुकान के अंदर तीन आदमी बाइक के पार्ट खोलने का काम कर रहे थे। पूछताछ के दौरान चारों लोगों ने बताया कि वह बाइक मिस्त्री रहीसुद्दीन उर्फ रहीस के साथ काम करते हैं। खासकर बाइकों को ग्रामीण क्षेत्रों में बेचा जाता था। मौके से पुलिस ने चार वाहन चोरों को गिरफ्तार कर सात बाइक और पार्टस बरामद किए हैं। बरामद बाइक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से चोरी की गई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में अरबाज, नईम, जुबेर ग्राम लालपुर और शाहरुख ग्राम बडौदा सिहानी थाना हाफिजपुर का रहने वाला है। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि पुलिस टीम खुद भी बरामद बाइक के बारे में डिटेल खंगालने में लगी है। आरोपितों ने बरामद बाइक दिल्ली, गाजियाबाद, साहिबाबाद, मोदीनगर, पिलखुवा से चोरी करना बताया हैं। गिरोह सरगना की तलाश में जुटी पुलिस ने टीम गठित की है। जल्द ही फरार सरगना को गिरफ्तार कर अन्य वारदातों का खुलासा किया जाएगा।