उर्वरक की दुकान पर पहुंची टीम।
- फोटो : HAPUR
ट्याला के इफको ई-बाजार का लाइसेंस निलंबित
हापुड़। यूरिया की कालाबाजारी की सूचना पर डीएम के आदेश पर जिले में उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर किठौर रोड के ट्याला स्थित इफको ई-बाजार का लाइसेंस निलंबित किया है। जिला कृषि अधिकारी ने विक्रेता द्वारा पीओएस मशीन में खाद बिक्री का रिकॉर्ड नहीं चढ़ाने पर यह कार्रवाई की है। इसमें कालाबाजारी की भी आशंका जताई गई। साथ ही जिलेभर से 12 सैंपल भरकर सात को चेतावनी जारी की गई।
यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया है। डीएम द्वारा टीमों को उर्वरक बिक्री के केंद्रों के भौतिक सत्यापन के आदेश दिए थे। इसी क्रम में रविवार को कृषि विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में छापे मारे।
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि ट्याला स्थित इफको ई-बाजार में यूरिया की बिक्री बिना पीओएस मशीन की जा रही थी। उपलब्ध यूरिया और बिक्री का रिकॉर्ड भी मशीन में नहीं चढ़ाया गया था। रिकॉर्ड भी गायब मिला, इससे कालाबाजारी की आशंका भी है। मामले की गंभीरता पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रविवार को तीन टीमों द्वारा कुल 40 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 12 नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। वहीं रिकॉर्ड दुरुस्त नहीं रखने पर सात दुकानदारों को चेतावनी जारी की गई है। इफको ई-बाजार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।