फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ससुरालियों ने महिला को अधमरा कर बाग में फेंका, मायके में मौत

विज्ञापन
किठोर रोड पर जाम लगाते मृतक के परिजन व ग्रामीण। - फोटो : HAPUR
विज्ञापन
ससुरालियों ने महिला को अधमरा कर बाग में फेंका, मायके में मौत
विज्ञापन

हापुड़। दहेज में 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दहेज लोभियों ने विवाहिता को बेरहमी से पीटा। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में उसके मायके के बाहर एक बाग में फेंककर फरार हो गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर विवाहिता को घर ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने बुधवार सुबह किठौर रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खोला गया। पिता ने सात आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सरावनी उर्फ आरिफपुर मंढैया का है। ग्रामीण मोहम्मद जफर उर्फ चुन्ना ने अपनी नौ बेटियों में से तीसरे नंबर की बेटी शाहीन का निकाह तीन साल पहले सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव अनूपपुर डिबाई निवासी युवक से किया था। शादी में हैसियत के हिसाब से दान दहेज दिया गया।
विज्ञापन

आरोप है कि निकाह में मिले दान-दहेज से ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा 20 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। इसे लेकर उसके साथ आए दिन मारपीट की जाने लगी। कई बार परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला। लगातार उसका उत्पीड़न होता रहा।
मरने से पहले ग्रामीणों को दिए बयान में शाहीन ने बताया कि मंगलवार को ससुरालियों ने उसे बेरहमी से पीटा। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर डंडों और छुरे के बैटे से उसके सिर और शरीर पर प्रहार किए गए, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी देर शाम उसे कार में डालकर सरावनी लेकर पहुंचे और गांव के बाहर एक आम के बाग में फेंककर फरार हो गए। ग्रामीणों ने शहीन को देखकर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे घर ले आए और स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई। सुबह शाहीन की मौत की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आरोपी ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जाम लगा दिया और हंगामा किया। महिला की मौत और जाम लगाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन

मृतका के पिता ने पति, सास, ससुर, जेठ और देवर सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बाबूगढ़ थाने में तहरीर दी है। सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें