वैक्सीन का स्टॉक खत्म, गांवों में नहीं हुआ टीकाकरण
हापुड़। वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने के कारण बृहस्पतिवार को गांवों में टीकाकरण नहीं हो सका। सिर्फ अस्पतालों पर बने बूथों पर 1531 को ही टीके लगाए जा सके। हालांकि शाम को वैक्सीन के 15 हजार डोज मिले। अब अधिकारी शुक्रवार को गांवों में टीकाकरण होने का दावा कर रहे हैं।
जिले में कोरोना टीकाकरण 16 जनवरी को शुरू हुआ था। इसके बाद से लगातार लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। पांच जुलाई से जिले में कलस्टर अभियान शुरू हुआ था। लेकिन वैक्सीन की किल्लत के चलते यह एक्टिविटी आए दिन बंद कर दी जाती है। बृहस्पतिवार को भी वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया।
इसके चलते स्वास्थ्य विभाग को गांवों में टीकाकरण रोकना पड़ा। अस्पतालों में पर लगाए गए बूथों पर ही टीकाकरण हो सका। कुल 1531 लोगों ने टीके लगवाए, इसमें 806 पुरुष और 725 महिलाएं शामिल रहीं। वैक्सीन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गाड़ी भेज दी गई है, जहां से 13 हजार कोविशील्ड और 2 हजार कोवैक्सीन के डोज मिले हैं। शुक्रवार को गांवों में टीकाकरण शुरू किया जा सकेगा।
कोवैक्सीन का मिला दूसरा डोज
कोवैक्सीन के 2 हजार डोज सिर्फ दूसरा टीका लगाने के लिए ही मिल सके हैं। ऐसे में जिन लोगों ने पहला टीका कोवैक्सीन से लगवाया है और उनका समय पूरा हो गया है, वह टीकाकरण करा सकते हैं।
तीन दिन का मिला स्टॉक
वैक्सीन के 15 हजार डोज तीन दिन के लिए मिले हैं। अगला अलॉटमेंट सोमवार को हो सकेगा। ऐसे में शुक्रवार को गांवों में एक्टिविटी हो सकेगी, जबकि शनिवार और रविवार में गांवों में अभियान बंद रहेगा।
तेजी से चलेगा अभियान
वैक्सीन के 15 हजार डोज मिल गए हैं। गांवों में कलस्टर एक्टिविटी चलाने के साथ ही अस्पतालों पर बने बूथों में भी पहले की तरह ही टीकाकरण जारी रहेगा।
- डॉ. संजीव कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।