कोरोना नियंत्रण को प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती
हापुड़। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक संक्रमित 6 जिलों में हापुड़ भी शामिल है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे जिलों पर नजर बनानी शुरू कर दी है। यहां घर घर जाकर लोगों की कोरोना जांच के निर्देश उन्होंने दिए हैं। इसी क्रम में बड़े पैमाने पर एंटीजन किट भी विभाग को मुहैया करायी जा चुकी हैं। अभियान को पूरा करने के लिए सीडीओ द्वारा पहले ही टीमें गठित की जा चुकी हैं।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हापुड़ समेत बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत में घर घर जाकर सैंपल एकत्र कर, उनकी जांच के निर्देश दिए हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में टीमें गठित हो चुकी हैं। सैंपलिंग के लिए जिले को पर्याप्त एंटीजन किट का स्टॉक मिल गया है। तीन हजार किट की खेप पहले ही हापुड़ को प्राप्त हो चुकी थी। अब 6 हजार अन्य किट भी हापुड़ जिले को मिल गई हैं।
घर घर जांच का अभियान तेजी से शुरू कर दिया गया है। फिलहाल यह अभियान 12 जुलाई तक चलेगा। जरूरत पड़ी तो इसे बढ़ाया भी जा सकता है। कुल मिलाकर सरकार की इस पहल से कोरोना पर शिकंजा कसा जा सकेगा। बता दें कि हापुड़ जिले पर सीएम योगी की कड़ी नजर है, यह बढ़ रही मरीजों की तादात पर भी वह नजर रख रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रेखा शर्मा ने बताया कि घर घर जाकर सैंपलिंग का अभियान शुरू हो चुका है। समस्या होने पर मरीज अपनी जांच अवश्य करा लें, ताकि कोरोना के संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके।