गंगा स्नान करने आई महिला के लड्डू गोपाल चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट में रविवार को एक महिला के लड्डू गोपाल चोरी हो गए। महिला लड्डू गोपाल को गंगा स्नान कराने के लिए लाई थी। स्नान के बाद तख्त पर सोने के मुकुट और कड़े पहनकर लड्डू गोपाल बैठे थे। तभी किसी ने गायब कर दिया।
हरियाणा के फरीदाबाद सेक्टर 29 निवासी मधुबाला अपने परिवार के सदस्य और लड्डू गोपाल के साथ दोपहर ब्रजघाट में गंगा स्नान करने के लिए पहुंची थीं। स्नान कराने के बाद उन्होंने सोने के कड़े और मुकुट पहनाकर लड्डू गोपाल को गंगा किनारे एक तख्त पर बैठा दिया। महिला और परिजन आरती स्थल के पास बने घाट पर स्नान करने लगे। इसी बीच गंगा घाट पर घूम रहा एक युवक लड्डू गोपाल को उठाकर ले जाने लगा, जिसको महिला ने देख लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया लेकिन तलाशी लेने पर उसके पास लड्डू गोपाल नहीं मिले। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसने लड्डू गोपाल को उठाते ही किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया था। शाम तक जब लड्डू गोपाल नहीं मिले। महिला रो रोकर परेशान है। गढ़ कोतवाली पुलिस का कहना है कि पकड़े गए युवक से पूछताछ करते हुए उसके साथी के बारे में जानकारी की जा रही है। पुलिस ने भक्तों से अनुरोध किया है कि गंगा तट समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अपने सामान के साथ ही लड्डू गोपाल का भी विशेष ध्यान रखें, ताकि इस तरह की घटना घटित न हो पाए।