नशे में कार चला रहे युवक ने वृद्ध में टक्कर मारी, मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गंगानगरी ब्रजघाट में युवकों ने नशे में धुत होकर खूब हुड़दंग किया, जिसके बाद वह कार से बाजार में आए, जहां पर उन्होंने वृद्ध और वहां घूम रहे गोवंशों को टक्कर मार दी, जिसमें वृद्ध गंभीर रुप से घायल हो गया, उपचार के लिए ले जाने के दौरान वृद्ध ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार हापुड़ निवासीयुवक सोमवार को ब्रजघाट में स्नान के लिए आए थे। इस दौरान ब्रजघाट में घाट पर युवकों ने शराब के नशे में खूब हुड़दंग किया। जिसके बाद वह शिवचौक पर पहुंचे और अपनी कार से वापस जाने लगे। इसी दौरान शिव चौक के पास ही युवकों ने अधिक नशे में होने के कारण कार से गोवंशों में टक्कर मारी, इसी बीच वहां रास्ते में जा रहे प्रदीप बनर्जी (73) निवासी नागल राय दिल्ली को भी युवकों ने कार से टक्कर मार दी, जिससे वृद्ध गंभीर रुप से घायल हो गया। हंगामा होने पर स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों ने युवकों को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
गढ़ कोतवाली पुलिस का कहना है कि मृतक वृद्ध पिछले काफी समय से ब्रजघाट के एक आश्रम में रह रहे थे। शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद