मामा के बच्चों को बचाने में डूबा युवक
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा स्नान के दौरान एक युवक ने मामा के बच्चों को बचाने के चक्कर में गंगा में छलांग लगा दी। युवक ने बच्चों को तो सकुशल बाहर निकाल लिया लेकिन खुद तेज धारा में बह गया। गोताखोरों को दो किलोमीटर दूर युवक का शव मिला।
दिल्ली के कौशिकपुरी सीलमपुरी निवासी सतेंद्र शर्मा ने बताया कि वह परिजनों के साथ सोमवार को वट अमावस्या पर्व पर ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए आया था। उनके साथ भांजा गौरव शर्मा (26) गंगा तट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान सतेंद्र के दो बच्चे खेलकूद करते हुए गंगा में अंदर की तरफ पहुंच गए और डूबने लगे। उनको डूबते देख लोगों ने शोर मचा दिया। गंगा स्नान कर रहा गौरव बच्चों को बचाने के लिए पहुंच गया, जहां उसने बच्चों को तो सकुशल बहार निकाल दिया लेकिन खुद बह गया। काफी मशक्कत करने के बाद गोताखोरों ने उसके शव को घाट से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद कर लिया।
गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसके बाद परिजनों को शव सुपुर्द कराया जाएगा।
रामपुर का युवक गंगा में डूबा, नहीं लगा सुराग
जनपद रामपुर निवासी राहुल गुप्ता (24) पुत्र होरीलाल गुप्ता अपने परिजनों के साथ ब्रजघाट में गंगा स्नान के लिए आया हुआ था। इसी बीच वह स्नान करता हुआ गंगा की बीच धारा में पहुंच गया, जिसके बाद वह गंगा में डूब गया। परिजनों ने बताया कि काफी देर से तलाश कराई जा रही है, अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि डूबे युवक की तलाश कराई जा रही है। संवाद