गढ़ में नेशनल हाईवे पर चौड़ीकरण कार्य के दौरान नहीं लगा कोई संकेत बोर्ड और रिफ्लेक्टर पट्टी, सड़क
- फोटो : GARH
हाईवे चौड़ीकरण में लापरवाही, न संकेतक बोर्ड लगे और न रिफ्लेक्टर
गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से लखनऊ को जोड़ने वाले हाईवे 9 पर गढ़ क्षेत्र में चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें चार लेन से बढ़ाकर छह लेन बनाई जा रही हैं। लेकिन एनएचएआई और कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते हाईवे पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, क्योंकि हाईवे पर कोई संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया है। रात के अंधेरे में वाहन सवार निर्माणाधीन स्थानों पर पहुंचकर हादसे का शिकार हो जा रहे हैं।
हापुड़ से लेकर अमरोहा तक हाईवे चौड़ीकरण का किया जा रहा है। वर्तमान में गढ़ में नेशनल हाईवे पर बदरखा से लेकर ब्रजघाट तक डिवाइडर को तोड़कर सड़क बनाई जा रही, वहां पर किसी भी तरह का संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर नहीं लगाए हैं, जिसके चलते रात के अंधेरे में राहगीरों को यह नहीं पता चल पाता है कि रास्ते पर चलना है, इसी कारण हाईवे पर रात को वाहन सवारों के साथ हादसे होते हैं। हाईवे पर रूट डायवर्जन की जगह रेडियम की पट्टी न होने से वाहन चालक रात में डिवाइडर से टकराकर और निर्माण क्षेत्र में जाकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्यदायी संस्था की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
एनएचएआई पीडी राकेश सूद का कहना है कि शिकायत के आधार पर कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों से वार्ता कर निर्देशित किया जाएगा, यदि हाईवे पर रिफ्लेक्टर और संकेतक बोर्ड नहीं लगे हैं, उन्हें लगवाया जाएगा। संवाद
गढ़ में नेशनल हाईवे पर गांव बदरखा के पास निर्माणधीन सड़क पर नहीं लगे संतेक बोर्ड।- फोटो : GARH