गंगानगरी ब्रजघाट के कैलाश गेस्ट हाउस को सील कराते एसडीएम।
- फोटो : GARH
गेस्ट हाउस में पकड़े तीन जोड़े, एसडीएम ने लगाई सील
गढ़मुक्तेश्वर। गंगानगरी ब्रजघाट में एसडीएम ने सूचना मिलने पर गेस्ट हाउस में छापा मारा, जिसमें तीन जोड़े मिले, जोड़ों के परिजनों को सुपुर्द किया। वहीं एसडीएम ने पुलिस की मौजूदगी में गेस्ट हाउस पर सील की कार्रवाई की गई, कार्रवाई होने से आसपास की धर्मशाला और गेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि मंगलवार को ब्रजघाट में भ्रमण के लिए गए थे। इसी दौरान एक गेस्ट हाउस में तीन जोड़ों होने की सूचना मिली। एसडीएम ने सर्तकता बरतते हुए ब्रजघाट में स्थित कैलाश गेस्ट हाउस में छापा मारा। जहां तीन अलग अलग कमरों से तीन जोड़े मिले। जिनकी आईडी भी गेस्ट हाउस संचालक के पास जमा नहीं थी। जिसके बाद एसडीएम ने वहां पर मौजूद प्रबंधक से रजिस्टर रिकार्ड देखा, लेकिन वहां पर उन जोड़ों की एंट्री भी नहीं मिली। जिसके बाद तीनों जोड़ों से पूछताछ की और उनके परिजनों को मौके पर बुलाया और भविष्य के लिए चेतावनी देकर छोड़ दिया। एसडीएम ने पुलिस की मौजूदगी में गेस्ट हाउस पर सील की कार्रवाई की। एसडीएम ने बताया कि गेस्ट हाउस प्रबंधक से गेस्ट हाउस संचालन के लिए एनओसी समेत अन्य दस्तावेज मांगे गए हैं। यदि वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाता है, तो कार्रवाई होगी।
एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व भी एक गेस्ट हाउस पर कार्रवाई की गई थी। यदि कोई भी अवैध तरीके से गेस्ट हाउस का संचालन और बिना किसी आईडी कार्ड के लोगों को ठहराता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद