साइबर ठगों ने दो लोगों के खाते से निकाले 19800 रुपये
गढ़मुक्तेश्वर। बिना किसी गतिविधि के ही बैंक खातों से पैसे निकलने का सिलसिला जारी है, लेकिन इस संबंध में कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं हो रहा है। एक बार फिर साइबर ठगों ने सिंभावली क्षेत्र के दो व्यक्तियों के खाते से 19800 रुपये निकाल लिए हैं। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गढ़, सिंभावली और बहादुरगढ़ क्षेत्र में लोगों के खातों से रकम निकलने का सिसिला जारी है। जिसका फोन पर संदेश मिलने पर ही पता चल पाता है। इससे पहले भी खातों से पैसे निकलने की घटना सामने आ चुकी है। कई पीड़ितों के खातों मेें देखने को मिलता है कि खाते से बॉयोमेट्रिक माध्यम से पैसा निकाला गया है।
केस 1
सिंभावली के विनोद त्यागी ने बताया कि 2 फरवरी को उनके फोन पर मेसेज आया, जिसमें देखने को मिला कि उनके खाते से 9800 रुपये की नकदी निकाली गई है, जबकि वह अपने घर पर मौजूद थे। पीड़ित ने बताया कि न तो उनके पास एटीएम है और न ही वह कोई एप चलाते हैं। इसके बावजूद भी उनके खाते से रकम कट गई।
केस 2
सिंभावली के गांव दरियापुर निवासी रनपाल ने बताया कि 28 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ घर में ही मौजूद था। इस दौरान मोबाइल पर मेसेज आया, जिसमें लिखा हुआ था, कि खाते से 10 हजार रुपये की धनराशि निकाली गई है। जिसे देख उसके होश उड़ गए। जिसके बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इनके साथ हो चुकी है घटना
गढ़ के इंद्रा नगर निवासी देवकांत के 20 हजार
गढ़ के राजीव नगर निवासी जितेंद्र चौधरी के 20 हजार
सिंभावली के गांव रतुपरा निवासी शाहरुख खान के 16 हजार
गढ़ नगर निवासी लव कुमार के 8 हजार रुपये
बोले अधिकारी
इस संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करना जरूरी है। जिससे खाते की सारी गतिविधियों की जांच उच्च स्तर पर हो सके। उसके बावजूद भी थाना प्रभारी को संबंधित प्रकरण में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। - पवन कुमार, सीओ गढ़