बरातियों से मारपीट, कार में तोड़फोड़
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के एक गांव में बारात विदा होने के समय पर बरातियों में कहासुनी को लेकर मारपीट हो गई, जिसमें दुल्हन और उसके पिता भी घायल हो गए, जिसके बाद मौके पर पुलिस ने मामला शांत कराया। वहीं ग्रामीणों के हस्तक्षेप के चलते समझौता हो गया।
रविवार को हाफिजपुर थाना क्षेत्र से बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में एक बरात आई थी। जिसमें शाम तक सही कार्यक्रम चलता रहा, लेकिन देर शाम विदाई के दौरान वर और वधू पक्ष के रिश्तेदारों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसमें दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई भी हुई। बारात में आए एक रिश्तेदार की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान वधू और उसके पिता भी बीच बचाव करने के लिए पहुंचे, हाथापाई में वह भी मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया।
बहादुरगढ़ पुलिस ने बताया कि रिश्तेदारों में आपस में कहासुनी को लेकर मामूली विवाद हो गया था, लेकिन ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में समझौता कराते हुए मामले को निपटा दिया है। जिसके चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई है।