15 को चीनी मिल का घेराव करेगी भाकियू
गढ़मुक्तेश्वर। गन्ने का बकाया भुगतान न होने पर भाकियू ने 15 फरवरी से सिंभावली चीनी मिल के घेराव की घोषणा की है। रविवार को स्याना रोड पर स्थित कैंप कार्यालय में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं अनुशासनहीनता पर 10 कार्यकर्ताओं को पदमुक्त भी किया गया।
बैठक में जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने कहा कि ब्रजनाथपुर और सिंभावली चीनी मिलों द्वारा कई वर्षों से किसानों को गन्ना भुगतान समय पर नहीं दिया जा रहा। गन्ना एक्ट, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भी भुगतान में देरी पर किसानों को ब्याज नहीं दिया जा रहा। जिसे लेकर 15 फरवरी से सिंभावली मिल के मुख्य कार्यालय में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा। बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आंदोलन से संबंधित जिम्मेदारी सौंपते हुए सभी काम समय से पूरा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनपद में अनाधिकृत रूप से कुछ लोगों को राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल, जिला व तहसील स्तर पर मनोनीत किया गया है, जिसकी शिकायत पर प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी नाराजगी जताई है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर अनाधिकृत मनोयन और अनुशासनहीनता के चलते सरदार कुंवर सिंह, अमानत अली, आदेश प्रधान, आबिद अली, मुजाहिद चौधरी, सलीम, परवेज चौधरी, दिनेश शर्मा, सहादत चौधरी, बबलू चौधरी को उनके पदों से हटा दिया गया है। जिलाध्यक्ष दिनेश खेड़ा ने कहा कि किसी भी कार्यकर्ता द्वारा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में महीपाल चौहान, दिनेश त्यागी, जीते चौहान, मुनव्वर अली, श्यामसुंदर त्यागी, मुबारक खां, नत्थी सिंह सैनी, उमेश चौहान, अनुज चौहान, आशु, तरुण, राकेश देवी, सीमा, गीता, अनीश, दिलशाद, राजबीर, सद्दाम, परवेज, सुमित समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद