तमंचे-कारतूस के साथ वांछित गिरफ्तार, साथी फरार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चोरी के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। जिसके पास चोरी का मोबाइल व नकदी बरामद हुई है। वहीं पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात सिंभावली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि गांव वैठ की तरफ से दो संदिग्ध युवक बाइक से बक्सर नहर रेग्यूलेटर की ओर जा रहे हैं। जिन्होंने क्षेत्र में मोबाइल, नकदी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेग्यूलेटर चौराहे पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान गांव वैठ की तरफ से एक बाइक आती हुई दिखाई दी। जिसे रुकने का इशारा किया, तो चालक बाइक मोड़कर भाग निकला। वहीं उसका साथी बाइक से उतर कर खेतों में भाग निकला। सीओ ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने खेतों में घुसकर भागने की कोशिश कर रहे बदमाश को घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा एक मोबाइल और 2500 रुपये की नकदी भी मिली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान निवासी शाहजहांपुर थाना किठौर जनपद मेरठ बताया। जिसने बताया कि उसके फरार साथी का नाम कलीम निवासी शाहजहांपुर थाना किठौर जनपद मेरठ है। उन्होंने 6 जनवरी को हरौड़ा पुल के नीचे से मोबाइल छीना था और 25 जनवरी को गांव माधापुर के निकट एक बाइक से मोबाइल और नकदी चोरी की थी। सीओ ने बताया कि इमरान के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।