अस्पताल बनाने के नाम पर 12 लाख रुपये हड़पे
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ निवासी सुखबीर से मेरठ में निजी अस्पताल बनाने के नाम पर तीन आरोपियों ने 12 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित द्वारा पैसा वापस मांगने पर आरोपियों ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। मामले में पुलिस ने सुभाष, धर्मवीर और राजेंद्र निवासी मेरठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुखबीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2019 में तीनों आरोपियों ने मेरठ शहर में एक अस्पताल बनाने की योजना बनाई। उसे भी अस्पताल में साझेदार बनाने की बात कही थी। पीड़ित ने बताया कि विश्वास में आकर उसने अस्पताल बनाने के लिए 12 लाख रुपये दे दिए। जिसके कुछ दिन बाद पता चला कि तीनों आरोपियों ने फर्जीवाड़ा करते हुए उससे रुपये ले लिए हैं। वह मेरठ आरोपियों के पास गया और अस्पताल का निर्माण शुरू किए जाने के संबंध में पूछताछ की। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने अस्पताल के बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में ख्यानत, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।